प्रशिक्षण एवं सेवा योजना निदेशालय के प्रशिक्षण प्रखण्ड के सुचारू संचालन के लिए अनुपूरक बजट में 198.34 लाख रुपए का प्रावधान
आउटसोर्सिंग सेवाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए स्वीकृत हुई धनराशि
LUCKNOW NEWS: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण व्यावसायिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में प्रदेश के प्रशिक्षण तंत्र को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के लिए अनुपूरक बजट में विशेष प्रावधान किया गया है. प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि प्रशिक्षण एवं सेवा योजना निदेशालय के प्रशिक्षण प्रखण्ड के सुचारू संचालन के लिए अनुपूरक बजट में 198.34 लाख रुपए यानि 1.9834 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने बताया कि स्वीकृत धनराशि में से 173.34 लाख रुपए आउटसोर्सिंग सेवाओं के भुगतान तथा 25 लाख रूपए गाड़ियों के अनुरक्षण एवं पेट्रोल आदि की खरीद के लिए निर्धारित किए गए हैं। इससे निदेशालय की प्रशासनिक एवं प्रशिक्षण संबंधी व्यवस्थाओं को और अधिक गति मिलेगी। व्यावसायिक शिक्षा मंत्री ने कहा कि योगी सरकार युवाओं को कौशलयुक्त बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है। प्रशिक्षण संस्थानों की व्यवस्थाओं को मजबूत करने, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराने और रोजगारपरक कौशल विकसित करने के लिए लगातार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।







