LAKHIMPUR KHERI NEWS: मितौली क्षेत्र के भीखमपुर गांव में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। युवक ने परगना कस्ता में तैनात राजस्व निरीक्षक प्रेमप्रकाश अग्निहोत्री पर रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। युवक का कहना है कि उसकी जमीन की पैमाइश के लिए एसडीएम कोर्ट से आदेश जारी हो चुका है। इसके बावजूद राजस्व निरीक्षक पैमाइश नहीं कर रहे हैं। युवक ने आरोप लगाया कि राजस्व निरीक्षक प्रेमप्रकाश अग्निहोत्री पैमाइश करने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। बार-बार चक्कर काटने और पैसे न होने के कारण परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। टावर के नीचे सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर मितौली पुलिस और तहसील के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस और एसडीएम सदर के प्रतिनिधि युवक को समझा-बुझाकर नीचे उतारने में जुटे हैं। करीब दो घंटे से युवक टावर पर चढ़ा है और लगातार आत्महत्या की धमकी दे रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि तहसील में पैमाइश के नाम पर खुलेआम वसूली हो रही है। बिना पैसे दिए लेखपाल व राजस्व निरीक्षक कोई काम नहीं करते। मौके पर मौजूद पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतारना पहली प्राथमिकता है। उसके आरोपों की जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर राजस्व निरीक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।







