Home उत्तर प्रदेश पेपर लीक के विरोध में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, सिविल लाइंस में...

पेपर लीक के विरोध में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, सिविल लाइंस में जाम, पारदर्शी भर्ती और नई शिक्षक भर्ती की मांग

PRAYAGRAJ NEWS: नीट पेपर लीक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, नई प्राथमिक शिक्षक भर्ती, रिक्त पदों पर नियुक्ति और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर शनिवार को हजारों छात्र-युवा सड़कों पर उतर आए। सुभाष चैराहे से पत्थर गिरजाघर तक निकाले गए जुलूस में छात्रों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष भर्ती और परीक्षा प्रणाली की मांग उठाई। आंदोलन को देखते हुए सिविल लाइंस क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा। पत्थर गिरजाघर धरना स्थल पर दिशा छात्र संगठन, संयुक्त युवा मोर्चा, आइसा और डीएलएड अभ्यर्थी संगठन सहित विभिन्न छात्र संगठनों ने प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने नई प्राथमिक शिक्षक भर्ती का विज्ञापन जारी करने, रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की जवाबदेही तय करने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा। तेज बारिश भी छात्रों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। मूसलाधार बारिश के बीच भी प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते रहे और बारिश थमते ही आंदोलन फिर तेज हो गया। प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्र फायर ब्रिगेड की गाड़ी पर चढ़ गए, जबकि कई अभ्यर्थियों ने पुलिस बैरिकेडिंग को साइकिल की तरह चलाकर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया। छात्रों के प्रदर्शन से सिविल लाइंस क्षेत्र की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित रही। पत्थर गिरजाघर, सुभाष चैराहा, एकलव्य चैराहा, नवाब यूसुफ रोड, फायर ब्रिगेड चैराहा और ऑटोसेल्स चैराहा समेत कई मार्गों पर लंबा जाम लग गया। ट्रैफिक पुलिस ने कई स्थानों पर वन-वे व्यवस्था लागू कर यातायात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। देर शाम भीड़ कम होने के बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।