KAUSHAMBI NEWS: मंझनपुर विधानसभा क्षेत्र में हाल ही में हुई दो दुखद घटनाओं के बाद मंझनपुर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष वीरेंद्र सरोज ‘फौजी’ पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचकर उनका संबल बने। भारतीय जनता पार्टी कौशाम्बी के जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य के साथ उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा शासन द्वारा स्वीकृत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई।
पूरब पश्चिम शरीरा स्थित दूनी तिवारी का पूरा में तेज आंधी-तूफान के दौरान पेड़ गिरने से माया देवी, उनकी पुत्री श्वेता और पुत्र अनुभव की दर्दनाक मृत्यु हो गई थी, जबकि पुत्र आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हृदयविदारक घटना के बाद वीरेंद्र सरोज ‘फौजी’ ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया तथा दैवीय आपदा राहत कोष से स्वीकृत 12 लाख रुपये की सहायता का डेमो चेक सौंपा। उन्होंने बताया कि सहायता राशि लाभार्थियों के खाते में पहुंच चुकी है।
इसके अलावा अन्धावां निवासी स्वर्गीय अवधेश सरोज (35 वर्ष) की सर्पदंश से हुई असामयिक मृत्यु पर भी वीरेंद्र सरोज ‘फौजी’ जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य के साथ उनके आवास पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए शासन की ओर से स्वीकृत 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का डेमो चेक प्रदान किया। यह धनराशि भी परिजनों के खाते में प्राप्त हो चुकी है। इस अवसर पर वीरेंद्र सरोज ‘फौजी’ ने कहा कि संकट की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना समाज और जनप्रतिनिधियों का नैतिक दायित्व है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर जरूरतमंद तक सरकारी योजनाओं और राहत सहायता का लाभ पहुंचाने के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे। मौके पर भाजपा जिला मंत्री भास्कर सिंह, मंडल अध्यक्ष राजीव पाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष विपिन केसरवानी, विजय तिवारी, बच्चा लाल सरोज, संबंधित लेखपाल तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।







