गोबरा गांव की बेटी की सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर, शुभकामनाओं का लगा तांता
PRAYAGRAJ NEWS: खीरी क्षेत्र के गोबरा गांव की होनहार छात्रा प्रभा द्विवेदी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) में पहले ही प्रयास में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रभा ने 562 अंक प्राप्त करते हुए ऑल इंडिया रैंक 28,444 हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। प्रभा के पिता प्रसन्न द्विवेदी किसान हैं, जबकि माता ममता द्विवेदी गृहिणी हैं। उनके बाबा संतोष कुमार द्विवेदी पूर्व साधन सहकारी समिति अध्यक्ष रह चुके हैं। परिणाम घोषित होने के बाद उनके घर बधाई देने वालों का तांता लग गया। क्षेत्र के लोगों और शुभचिंतकों ने प्रभा की सफलता को ग्रामीण प्रतिभा की प्रेरणादायक मिसाल बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रभा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा कक्षा छह तक सरस्वती शिशु मंदिर, खीरी से प्राप्त की। इसके बाद कक्षा सात से इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई रानी रेवती देवी विद्या मंदिर, प्रयागराज से पूरी की। इंटरमीडिएट के बाद उन्होंने पूरी लगन और अनुशासन के साथ नीट की तैयारी की और पहले ही प्रयास में उल्लेखनीय सफलता अर्जित कर मेडिकल क्षेत्र में अपने सपनों की मजबूत नींव रखी। अपनी सफलता का श्रेय प्रभा ने अपने बड़े पिता एडवोकेट आशुतोष द्विवेदी, माता-पिता, बाबा संतोष कुमार द्विवेदी तथा विद्यालय के गुरुजनों के मार्गदर्शन, प्रेरणा और आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत, परिवार का सहयोग और शिक्षकों का मार्गदर्शन ही उनकी सफलता का आधार रहा। प्रभा की इस उपलब्धि पर पुलिस इंस्पेक्टर अरुण कुमार द्विवेदी, वरिष्ठ भाजपा नेता रामेश्वर द्विवेदी, सच्चिदानंद तिवारी, गौरव मिश्रा, सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य मिथिलेश कुमार त्रिपाठी, रामेश्वर प्रसाद तिवारी, प्रदीप मिश्रा, मदन प्रताप सिंह, तेज बहादुर सिंह, आत्मा सिंह, शिव प्रसाद मिश्र, उमेश द्विवेदी, आचार्य देवी प्रसाद द्विवेदी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य राकेश केसरवानी, राजेंद्र प्रसाद द्विवेदी श्माना गुरुश् सहित अनेक गणमान्य लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। दूर-दराज के रिश्तेदार और शुभचिंतक भी फोन के माध्यम से लगातार बधाई संदेश भेज रहे हैं। प्रभा की सफलता से पूरे गोबरा गांव और खीरी क्षेत्र में गर्व और उत्साह का वातावरण है।







