Home उत्तर प्रदेश परिषदीय विद्यालयों में शेष कार्य जल्द पूर्ण कर सभी पैरामीटरों से संतृप्त...

परिषदीय विद्यालयों में शेष कार्य जल्द पूर्ण कर सभी पैरामीटरों से संतृप्त करें:जिलाधिकारी

FATEHPUR NEWS: बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों के अनुश्रवण हेतु शासन द्वारा गठित टास्क फोर्स की जनपद स्तरीय बैठक कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में परिषदीय विद्यालयों में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं ऑपरेशन कायाकल्प की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत जिन मानकों एवं पैरामीटरों का कार्य अभी शेष है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कर सभी विद्यालयों को निर्धारित मानकों से संतृप्त किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। बैठक में जिलाधिकारी ने जर्जर विद्यालय भवनों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन भवनों की नीलामी प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, उनका ध्वस्तीकरण जून माह के भीतर हर हाल में कराया जाए। साथ ही जिन भवनों की नीलामी प्रक्रिया अभी लंबित है, उनकी नीलामी शीघ्र पूर्ण कराकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि स्कूल चलो अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कराया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी बच्चा विद्यालय से बाहर या ड्रॉपआउट न रहे। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि स्मार्ट क्लास के माध्यम से डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा दिया जाए ताकि बच्चों को आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा उपलब्ध हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन बच्चों की रुचि खेलकूद में है, उन्हें खेल गतिविधियों के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। साथ ही छात्राओं की सुविधा के लिए विभागीय मानकों के अनुरूप प्रत्येक 100 छात्राओं पर एक शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिन विकासखंडों में यह कार्य अधूरा है, वहां इसे प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालयों एवं मुख्यमंत्री अभ्युदय विद्यालयों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा गुणवत्ता के साथ चरणबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के उच्चीकरण से संबंधित लंबित कार्यों को भी जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, जिला विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।