Home उत्तर प्रदेश पढ़ाई के साथ खेल भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम...

पढ़ाई के साथ खेल भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम : कुलपति

राष्ट्रीय खेल दिवस पर रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ, 05 सितंबर तक होंगे विभिन्न मुकाबले
JHANSI NEWS: रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झांसी में राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर शनिवार को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के चित्र पर कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह सहित विश्वविद्यालय के अधिकारियों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों को खेलों में भी आगे बढ़ने के लिए विश्वविद्यालय की ओर से बेहतर अवसर एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में टीम भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। कुलपति ने स्वयं बैडमिंटन खेलकर राष्ट्रीय खेल दिवस के अंतर्गत आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। कुलपति की खेल में सहभागिता से विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय कर्मचारियों में खासा उत्साह देखने को मिला। राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत 29 अगस्त से 05 सितंबर 2026 तक विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय कर्मचारियों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें बैडमिंटन, ट्रैक एवं फील्ड इवेंट, टेबल टेनिस, कैरम, शतरंज, बास्केटबॉल, लॉन टेनिस, वॉलीबॉल, क्रिकेट, फुटबॉल एवं रस्साकशी सहित विभिन्न खेल शामिल हैं। ट्रैक एवं फील्ड प्रतियोगिताओं में मैराथन के साथ 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ तथा शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो, हाई जंप और लॉन्ग जंप जैसी स्पर्धाएं आयोजित होंगी। बैडमिंटन में सिंगल्स, डबल्स एवं मिक्स्ड डबल्स मुकाबले होंगे। क्रिकेट प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय स्टाफ के बीच टीचिंग बनाम नॉन-टीचिंग तथा विद्यार्थियों के बीच कृषि विश्वविद्यालय बनाम उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय के मुकाबले विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। वॉलीबॉल प्रतियोगिता 1 से 3 सितंबर, टेबल टेनिस एवं कैरम प्रतियोगिताएं 1 से 2 सितंबर, फुटबॉल प्रतियोगिता 2 से 4 सितंबर तथा शतरंज प्रतियोगिता 3 सितंबर को आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। विश्वविद्यालय खेल समिति का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारी, खेल आयोजन समिति के सदस्य, शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।