Home आस्था पडरौना का चहल्लुम मेला बना आकर्षण का केंद्र

पडरौना का चहल्लुम मेला बना आकर्षण का केंद्र

सुभाष चौक पर उमड़ेगा जनसैलाब, जिले भर से ताजियादार पहुंचेंगे
KUSHINAGAR NEWS: जिले की विधानसभा पडरौना में चहल्लुम का त्योहार अपनी अलग पहचान रखता है। कोतवाली पडरौना के सुभाष चौक पर लगने वाले इस मेले को देखने के लिए जिले के कोने-कोने से ही नहीं बल्कि अन्य जनपदों से भी लोग अपने रिश्तेदारों के यहां पहले से ही पहुंच जाते हैं। इस मेले की सबसे बड़ी विशेषता यहां निकलने वाले ताजियों का जुलूस है। पडरौना के नोनिया पट्टी, नौका टोला, छावनी, मुगलपुरा, घोषी टोला, बावली चौक सहित विभिन्न क्षेत्रों से ताजियादार अपने-अपने ताजिए लेकर सुभाष चौक पहुंचते हैं। उस समय का नजारा देखने लायक होता है। नोनिया पट्टी के मौलाना मंजर इमाम ने बताया कि यह त्योहार इमाम आली मुकाम हजरत हुसैन रजि. त. अन्हु की याद में मनाया जाता है। मुहर्रम की दसवीं तारीख को यजीदियों ने इमाम हुसैन को कर्बला के मैदान में शहीद कर दिया था। इमाम हुसैन ने इस्लाम की रक्षा के लिए अपना सर कुर्बान कर दिया, लेकिन यजीदियों के सामने सर नहीं झुकाया। चहल्लुम के दिन पडरौना में गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल भी देखने को मिलती है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच मेला शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न होता है।