Home उत्तर प्रदेश निपुण विद्यालय बनने पर प्रधानाध्यापिका सुमन कुशवाहा सम्मानित

निपुण विद्यालय बनने पर प्रधानाध्यापिका सुमन कुशवाहा सम्मानित

KAUSHAMBI NEWS: परिषदीय विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार के तहत संचालित ‘निपुण लक्ष्य यूपी’ कार्यक्रम के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय भगवानपुर, नेवादा ब्लॉक को निपुण विद्यालय घोषित किए जाने पर प्रधानाध्यापिका सुमन कुशवाहा को सम्मानित किया गया। बुधवार को मंझनपुर स्थित सरस हाल में आयोजित कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से निपुण विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बीएसए डॉ. कमलेंद्र कुमार कुशवाहा एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा सुमन कुशवाहा को प्रशस्ति पत्र व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों मे राज्य महिला सदस्य प्रतिभा कुशवाहा,  पूर्व विधायक संजय कुमार गुप्ता, लाल बहादुर सहित अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। बीएसए डॉ. कमलेंद्र कुमार कुशवाहा ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि निपुण लक्ष्य के माध्यम से बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धियों का आकलन कर शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाया जा रहा है, जिसमें शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर सुमन कुशवाहा ने कहा कि यह सम्मान विद्यालय के सभी शिक्षकों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने बताया कि कक्षा में नियमित उपस्थिति, बच्चों के साथ निरंतर संवाद और गतिविधि आधारित शिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों की बुनियादी दक्षताओं को मजबूत किया गया, जिसका परिणाम निपुण आकलन में सफलता के रूप में सामने आया। उन्होंने अपने सहायक शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और समर्पण से ही विद्यालय को यह उपलब्धि प्राप्त हुई है। कार्यक्रम में अन्य निपुण विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक व विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।