Home उत्तर प्रदेश नाबालिग को दो साल तक साथ रखने के बाद गर्भवती छोड़ भागा...

नाबालिग को दो साल तक साथ रखने के बाद गर्भवती छोड़ भागा युवक, थाने से मंदिर पहुंचा मामला; पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल

24 घंटे थाने में बैठाने के बाद शादी कराने का आरोप, CCTV फुटेज खोल सकती है पूरे घटनाक्रम की परतें
PRATAPGARH NEWS: महेशगंज थाना क्षेत्र में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित पिता का आरोप है कि दो वर्ष पूर्व उसकी नाबालिग पुत्री को एक रिश्तेदार बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। इस दौरान किशोरी गर्भवती हो गई और 12 जुलाई को आरोपी उसे उसके मायके छोड़कर फरार हो गया।पीड़ित की शिकायत पर महेशगंज पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लिया। आरोप है कि करीब 24 घंटे तक थाने में बैठाने के बाद कानूनी कार्रवाई करने के बजाय दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया और हीरागंज स्थित मां नायर देवी धाम मंदिर में आरोपी युवक और गर्भवती किशोरी का विवाह करा दिया गया। इस पूरे घटनाक्रम ने कई गंभीर कानूनी सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि किशोरी घटना के समय नाबालिग थी, तो मामला अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज होकर विधिक कार्रवाई होना अपेक्षित था। ऐसे में शादी कराए जाने के आरोपों ने पुलिस की भूमिका को लेकर क्षेत्र में तीखी चर्चा छेड़ दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि महेशगंज थाने में लगे CCTV कैमरों की फुटेज पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने ला सकती है। यदि फुटेज की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो यह स्पष्ट हो सकता है कि आरोपी को थाने में कितनी देर रखा गया और किन परिस्थितियों में उसे छोड़ा गया। यह मामला अब केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पुलिस की कार्यशैली और कानून के पालन पर उठ रहे सवालों का विषय बन गया है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच की मांग तेज हो सकती है। हालांकि, इन सभी आरोपों पर महेशगंज पुलिस का आधिकारिक पक्ष अभी सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।