Home उत्तर प्रदेश नशीले पदार्थों की रोकथाम को लेकर जिला स्तरीय NCORD समिति की बैठक...

नशीले पदार्थों की रोकथाम को लेकर जिला स्तरीय NCORD समिति की बैठक सम्पन्न

डीएम व एसपी ने की विस्तृत समीक्षा, अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

FATEHPUR NEWS: कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिला स्तरीय एनसीओआरडी (NCORD) समिति की बैठक जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई। बैठक में नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री एवं मादक पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम को लेकर की जा रही कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में किसी भी स्थिति में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री न होने पाए। इसके लिए आबकारी विभाग एवं पुलिस विभाग आपसी समन्वय बनाकर प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई करें तथा लगातार निगरानी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि भांग की दुकानों का औचक निरीक्षण किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि वहां केवल अधिकृत रूप से भांग की ही बिक्री हो रही हो। यदि किसी दुकान में अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि विद्यालयों में नशामुक्ति को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही शासन की निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप स्कूलों के आसपास किसी प्रकार की नशीली वस्तुओं की दुकानें संचालित न हों, यह भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि कहीं अवैध मादक पदार्थों की बिक्री या उनके दुरुपयोग की सूचना प्राप्त होती है तो संबंधित विभाग तत्काल साझा करें, ताकि प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके और समाज को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), पुलिस क्षेत्राधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, ड्रग इंस्पेक्टर, आबकारी निरीक्षक सहित समिति के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।