Home आस्था नवरात्रि के पांचवें दिन माँ स्कंदमाता के दर्शन के लिए लगी भक्तों...

नवरात्रि के पांचवें दिन माँ स्कंदमाता के दर्शन के लिए लगी भक्तों की भारी भीड़

पंडालों में मां भगवती के जयकारों से भक्तिमय हुआ वातावरण

FATEHPUR NEWS: जिले में 22 सितंबर से शुरु हुआ नवरात्रि पर्व के पांचवे दिन माँ स्कंदमाता के दर्शन के लिए मंदिर और दुर्गा पंडालों में सुबह से भक्तों की भीड़ देखने को मिली। माँ भगवती के जयकारों के गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। मंदिर और दुर्गा पंडालों में पहुंची महिलाओं में निसंतान महिलाओं ने संतान प्राप्ति के लिए पूजा अर्चना कर प्रार्थना किया। पूरे जिले में इस बार 2032 दुर्गा पंडाल माँ के भक्तों ने सजाया है। जहां हर दिन माता रानी का श्रृंगार अलग – अलग रूप में किया जाता है। भक्तों के द्वारा प्रतिदिन माँ का अलग – अलग श्रृंगार किया जाता है। शहर के चौधराना मोहल्ला में नवरात्रि दुर्गा पूजा कमेटी के मनोज सैनी, गोपाल श्रीवास्तव, अजय श्रीवास्तव, प्रशांत श्रीवास्तव, अजय, हरीओम त्रिपाठी, रितेश श्रीवास्तव, शरद श्रीवास्तव ने बताया कि 26 साल से दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिदिन अलग – अलग तरह का प्रसाद के साथ माता रानी का श्रृंगार किया जाता है। शाम के समय मातारानी के दरबार में भजन कीर्तन का आयोजन भी होता है। शहर के रामगंज पक्का तालाब, तुराब अली का पुरवा, बकन्धा, रानी कालोनी, आबू नगर, पीरनपुर मोहल्ला, राधा नगर, रानी अवंतीबाई चौराहा, रेलवे स्टेशन के पास, आवास विकास सहित कई जगह पर लगे दुर्गा पंडालों में भक्तों की भीड़ रही। इस बार दुर्गा पंडाल के सजावट के लिए कानपुर, प्रयागराज और लखनऊ सहित अन्य जिलों से आये कारीगर सजावट कर रहे हैं। साथ ही कलाकारों के द्वारा रात्रि जागरण के साथ अलग – अलग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी किया जा रहा है। वही बिंदकी तहसील क्षेत्र में 5 सौ स्थान पर दुर्गा पंडाल लगा है और खागा तहसील क्षेत्र में करीब 5 सौ के आस पास दुर्गा पंडाल में भक्तों की भीड़ पूजा अर्चना को पहुंच रही है। वहीं मंदिर और दुर्गा पंडाल में भक्तों की भीड़ माँ स्कंदमाता के दर्शन के लिए सुबह से उमड़ी रही है। मंदिर और पंडालों के आस – पास साफ – सफाई के साथ प्रतिदिन चूना का छिड़काव कराया जा रहा है। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम जिला प्रशासन ने किया है।