Home उत्तर प्रदेश दिव्यांग छात्र-छात्राओं को वितरित की गईं यूनिफॉर्म और जूते

दिव्यांग छात्र-छात्राओं को वितरित की गईं यूनिफॉर्म और जूते

राज्य मंत्री कृष्णा पासवान ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह

FATEHPUR NEWS: दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संचालित बचपन डे-केयर सेंटर फतेहपुर में बुधवार को दिव्यांग छात्र-छात्राओं को यूनिफॉर्म और जूते वितरित किए गए। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री पशुपालन एवं दुग्ध विकास कृष्णा पासवान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। राज्य मंत्री ने दिव्यांग बच्चों को यूनिफॉर्म और जूते वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि विशेष बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। बचपन डे-केयर सेंटर में विभिन्न प्रकार की दिव्यांगता से प्रभावित छात्र-छात्राएं शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इनमें श्रवण बाधित, दृष्टिबाधित, बौद्धिक दिव्यांगता और मानसिक मंदित दिव्यांगता वाले बच्चे शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने केंद्र में बच्चों को दी जा रही शिक्षा, देखभाल और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली तथा केंद्र के कार्यों की सराहना की। राज्य मंत्री ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए उन्हें बेहतर शिक्षा और प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। ऐसे प्रयासों से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे अपनी क्षमताओं का बेहतर उपयोग कर सकते हैं। कार्यक्रम में भिटौरा ब्लॉक प्रमुख अमित तिवारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी प्रगति मिश्रा, बचपन डे-केयर सेंटर के समन्वयक पवन तिवारी, विशेष शिक्षक तथा केंद्र के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।