गणेश चतुर्थी और बारा रबीउल अव्वल को लेकर हुई शांति समिति की बैठक में बोले अधिकारी
SIDDHARTHNAGAR NEWS: आगामी त्योहारों गणेश चतुर्थी और बारावफात को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बढ़नी कस्बे में गुरुवार को पुलिस और प्रशासन की ओर से शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में दोनों समुदायों के प्रमुख लोग शामिल हुए। बैठक को संबोधित करते हुए उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ राहुल सिंह ने सभी लोगों से अपील की कि वे मिलकर शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाएं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि दोनों समुदायों को एक-दूसरे की आस्था का सम्मान करना चाहिए और पुरानी परंपराओं का उल्लंघन नहीं होना चाहिए।
वहीं, क्षेत्राधिकारी (सीओ) शोहरतगढ़ पवीन प्रकाश ने सख्त लहजे में कहा कि जो भी व्यक्ति त्योहारों में शांति भंग करने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ पुलिस प्रशासन सख्ती से निपटेगा। उन्होंने सभी से अपील की कि वे तयशुदा परंपराओं का पालन करें और जुलूसों व पंडालों के लिए प्रशासन की गाइडलाइन का ध्यान रखें।
इस दौरान ढेबरुआ के थानाध्यक्ष गौरव सिंह और चौकी प्रभारी बढ़नी अनिरुद्ध सिंह समेत दोनों समुदायों के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। बैठक में सतीश शर्मा, अब्दुल कय्यूम, निजाम अहमद,ध्रुव चतुर्वेदी, मोहम्मद अहमद,मोहम्मद अख्तर,रजीउद्दीन, वसीम खान,गणेश अग्रहरि, पंकज चतुर्वेदी, राजन उपाध्याय, पवन यादव, श्यामदेव यादव,आदि लोग उपस्थित थे।







