Home उत्तर प्रदेश डीएम ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर जताई कड़ी नाराजगी, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई...

डीएम ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर जताई कड़ी नाराजगी, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

SIDHARTHNAGAR NEWS: जिला स्वास्थ्य समिति (डीएचएस) और स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा बैठक मंगलवार, 5 अगस्त को कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. की अध्यक्षता और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह की उपस्थिति में हुई इस बैठक में डीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। डीएम ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ऑर्थो, गायनो और सर्जरी जैसे विभागों के डॉक्टरों के साथ नियमित बैठकें न करने पर कड़ी फटकार लगाई और तुरंत मीटिंग करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी मरीज को प्राइवेट अस्पताल में रेफर न किया जाए और बाहर की दवाएं न लिखी जाएं। डीएम ने सीएमओ और सीएमएस को मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए।
डीएम ने सभी विकास खंडों में डिलीवरी प्वाइंट के लिए चिन्हित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को तत्काल क्रियाशील करने का आदेश दिया। उन्होंने सभी एमओआईसी को यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी गर्भवती महिला का प्रसव घर पर न हो। यदि ऐसा होता है तो एमओआईसी को जिम्मेदार ठहराया जाएगा। नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और आयुष्मान आरोग्य मंदिर को भी क्रियाशील करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को वॉर रूम और डिलीवरी प्वाइंट का निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपने को कहा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि कम एचआरपी वाली गर्भवती महिलाओं को चिन्हित कर उनका बेहतर इलाज किया जाए और सावधानी बरतने की सलाह दी जाए। उन्होंने बीएचएनडी दिवस में सभी कर्मचारियों को उपस्थित रहने और एएनएम, आशा व सीएचओ को सभी आवश्यक किट उपलब्ध कराने का भी आदेश दिया।
इस समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, जननी सुरक्षा योजना और टीकाकरण अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। डीएम ने आशा कार्यकर्ताओं को होम विजिट करने, टीकाकरण का शत-प्रतिशत डेटा सही मोबाइल नंबर के साथ फीड करने और कार्ड पर आरसीएच नंबर अवश्य लिखने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि आरसीएच पोर्टल पर डेटा फीडिंग में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने यह भी कहा कि किसी भी सेंटर पर लिंग परीक्षण नहीं होना चाहिए, ऐसा पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। आयुष्मान कार्ड की समीक्षा के दौरान, जिलाधिकारी ने लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने काम न करने वाले डॉक्टर, सीएचओ, आशा और एएनएम को नोटिस जारी करने और लाभार्थियों को दी जाने वाली राशि का समय पर भुगतान करने का भी आदेश दिया। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए.के. झा, डॉ. संजय गुप्ता, डॉ. प्रमोद, डैम राजेश मिश्रा, डीसीपीएम सहित समस्त सीएचसी/पीएचसी के एमओआईसी, बीपीएम, बीसीपीएम आदि उपस्थित थे।