केन्द्रीय विद्यालय के पास अर्बन प्लाजा की भूमि का भी लिया जायजा, कार्य शीघ्र शुरू करने को कहा
SIDHARTHNAGAR NEWS: जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन द्वारा मंगलवार को नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर अंतर्गत उसका रोड पर निर्माणाधीन नाले का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिशासी अधिकारी को कड़े निर्देश दिए कि आगामी बरसात के मौसम से पूर्व नाले का निर्माण कार्य हर हाल में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही उन्होंने हिदायत दी कि निर्माण कार्य पूरी तरह से गुणवत्तापूर्ण ढंग से होना चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने केन्द्रीय विद्यालय के बगल में अर्बन प्लाजा के लिए प्रस्तावित भूमि का भी निरीक्षण किया। भूमि का अवलोकन करने के बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अर्बन प्लाजा का निर्माण कार्य भी शीघ्र शुरू कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर के अध्यक्ष गोविन्द माधव, अधिशासी अधिकारी अजय सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।







