MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) पुलिस उपमहानिरीक्षक, विंध्याचल परिक्षेत्र मीरजापुर पूनम ने सोमवार को गूगल मीट के माध्यम से परिक्षेत्र के सभी पुलिस अधीक्षकों, अपर पुलिस अधीक्षकों, क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और आगामी कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। बैठक में कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था, रूट डायवर्जन, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों एवं गंगा घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों की निगरानी, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तथा अफवाह फैलाने वालों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को यात्रा मार्गों का नियमित निरीक्षण करने और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के लिए कहा गया। समीक्षा बैठक में यक्ष एप के माध्यम से सत्यापन अभियान, हिस्ट्रीशीटरों और सक्रिय अपराधियों की निगरानी, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, बीट पुलिसिंग, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, CCTNS, e-Sakshya और e-Summon प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा महिला सुरक्षा, मिशन शक्ति अभियान, साइबर अपराध, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, जीरो फेटलिटी डिस्ट्रिक्ट अभियान, यातायात जाम कम करने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी, गौ-तस्करी और अन्य संगठित अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों की भी समीक्षा करते हुए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। डीआईजी पूनम ने कहा कि जनसामान्य की शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने तथा कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी स्थिति पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।







