Home उत्तर प्रदेश टीजीटी परीक्षा का प्रथम दिवस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न

टीजीटी परीक्षा का प्रथम दिवस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न

JHANSI NEWS: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी)-2022 की लिखित परीक्षा का प्रथम दिवस जनपद के सात परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न हुआ। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई, जिसकी निगरानी सीसीटीवी कैमरों एवं कंट्रोल रूम के माध्यम से की गई। आयोग की ऑब्जर्वर श्रीमती कुमुदलता श्रीवास्तव ने अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह एवं अन्य अधिकारियों के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी, वॉइस रिकॉर्डिंग, सुरक्षा, पेयजल, शौचालय तथा अन्य सुविधाओं की जांच की गई। नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि प्रथम पाली में 2450 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 1162 उपस्थित एवं 1287 अनुपस्थित रहे, जबकि द्वितीय पाली में 2290 पंजीकृत अभ्यर्थियों में 1141 उपस्थित और 1149 अनुपस्थित पाए गए। प्रशासन ने परीक्षा को नकलविहीन एवं सुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए थे। सभी परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहे तथा धारा 163 का सख्ती से अनुपालन कराया गया। अधिकारियों ने परीक्षा के सफल आयोजन पर पुलिस एवं प्रशासनिक टीम को बधाई दी।