Home उत्तर प्रदेश टीईटी परीक्षा के तनाव में किशोरी ने फांसी लगाकर दी जान

टीईटी परीक्षा के तनाव में किशोरी ने फांसी लगाकर दी जान

SANGRAM GARH NEWS: थाना क्षेत्र के ग्राम चौव का पुरवा (अस्थाव) में शनिवार सुबह एक किशोरी ने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, श्रीनाथ यादव की पुत्री पूजा यादव (18 वर्ष) अपनी छोटी बहन के साथ 2 जुलाई को प्रयागराज में आयोजित टीईटी परीक्षा देने गई थी। परीक्षा देकर दोनों बहनें घर लौट आई थीं। परिजनों के अनुसार पूजा परीक्षा अच्छी न होने की बात को लेकर काफी चिंतित थी। शनिवार सुबह वह घर की दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे में गई और पंखे के हुक से दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो वह फंदे से लटकी मिली। घटना की सूचना मिलते ही संग्रामगढ़ थाने के उपनिरीक्षक दूधनाथ पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।