Home उत्तर प्रदेश जिलाधिकारी ने जनता दर्शन में सुनीं फरियादियों की समस्याएं, त्वरित निस्तारण के...

जिलाधिकारी ने जनता दर्शन में सुनीं फरियादियों की समस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनीं। कई मामलों का मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात करके निस्तारण भी कराया गया। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता दर्शन में प्राप्त प्रार्थना-पत्रों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी फरियादी परेशान होकर कलेक्ट्रेट न आए। उसकी समस्या का समाधान तहसील और ब्लॉक स्तर पर ही हो जाना चाहिए। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। भूमि विवाद के मामलों में उप जिलाधिकारी और तहसीलदारों को मौके पर जाकर पैमाइश कर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। आवास और शौचालय संबंधी मामलों में मुख्य विकास अधिकारी को जांच कर पात्र लाभार्थियों को लाभ दिलाने को कहा गया। पेंशन और राशन कार्ड से जुड़े मामलों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) विजेता, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह और डिप्टी कलेक्टर उपस्थित रहे।