JHANSI NEWS: जनपद में विद्युत व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा बिजली आपूर्ति संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जिला प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर विद्युत विभाग द्वारा स्थापित जनपदीय कंट्रोल रूम में अधिकारियों एवं मजिस्ट्रेटों की शिफ्टवार ड्यूटी निर्धारित की गई है, जिससे आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया सेल स्थित विद्युत नगरीय वितरण मण्डल कार्यालय, माताटीला हाइडिल कॉलोनी, सिविल लाइंस में संचालित कंट्रोल रूम में 24 घंटे अधिकारियों की तैनाती रहेगी। प्रथम शिफ्ट में प्रातः 8 बजे से सायं 4 बजे तक श्री अरविंद वर्मा, अवर अभियंता सिंचाई विभाग को जिम्मेदारी दी गई है। दूसरी शिफ्ट में सायं 4 बजे से रात्रि 12 बजे तक रिषभ सिंह, अवर अभियंता केन-बेतवा लिंक नहर परियोजना ड्यूटी पर रहेंगे। वहीं तीसरी शिफ्ट में रात्रि 12 बजे से प्रातः 8 बजे तक राम आरसे, अवर अभियंता केन-बेतवा लिंक नहर परियोजना तैनात रहेंगे। रिजर्व अधिकारी के रूप में चन्दन सिंह, अवर अभियंता भूमि संरक्षण कार्यालय को नामित किया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी अपनी निर्धारित शिफ्ट में कंट्रोल रूम में उपस्थित रहकर प्राप्त शिकायतों का प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही प्रत्येक दिन की रिपोर्ट नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) को उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की सतत निगरानी रखी जा सके और उपभोक्ताओं को राहत मिल सके। जिला प्रशासन के इस निर्णय से भीषण गर्मी के दौरान बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।







