बदबूदार और गंदे पानी से फूटा क्षेत्रवासियों का गुस्सा, बोले– “बीमारी फैली तो जिम्मेदार कौन?
JHANSI NEWS: नगर निगम और जल संस्थान की लापरवाही का खामियाजा वार्ड नंबर 43 पहाड़िया स्कूल के सामने रहने वाले हजारों लोगों को भुगतना पड़ रहा है। क्षेत्र में पिछले लंबे समय से घरों में बदबूदार, गंदा और दूषित पानी सप्लाई हो रहा है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। हालात इतने खराब हैं कि पानी से तेज दुर्गंध आने के कारण लोग उसे पीना तो दूर, घरेलू उपयोग में लेने से भी डर रहे हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि पिछले दो वर्षों से लगातार जल संस्थान को शिकायती पत्र दिए जा रहे हैं, अधिकारियों से गुहार लगाई जा रही है, लेकिन विभाग के जिम्मेदार अधिकारी कानों में रुई डालकर बैठे हुए हैं। लोगों का कहना है कि समस्या का समाधान करना तो दूर, आज तक कोई अधिकारी मौके पर निरीक्षण करने तक नहीं पहुंचा। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि गंदे पानी के कारण क्षेत्र में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। लोगों को पेट दर्द, उल्टी, बुखार और संक्रमण जैसी समस्याओं का डर सताने लगा है। कई परिवार मजबूरी में बाजार से पानी खरीदकर पीने को मजबूर हैं, जबकि हर महीने पानी का बिल समय से वसूला जा रहा है। क्षेत्रवासियों ने जल संस्थान पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग केवल कागजों में योजनाएं चलाता है, जमीनी स्तर पर जनता की समस्याओं से उसका कोई लेना-देना नहीं है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लोगों का कहना है कि जब जनता को साफ पानी जैसी मूलभूत सुविधा भी नहीं मिल पा रही है, तो फिर जिम्मेदार विभागों की कार्यशैली पर सवाल उठना स्वाभाविक है। क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी और नगर प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर दूषित जलापूर्ति बंद कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।







