JHANSI NEWS: जम्मू-कश्मीर में सर्च ऑपरेशन के दौरान सेवारत भारतीय सैनिकों के साथ कथित अपमानजनक व्यवहार किए जाने के विरोध में शुक्रवार को इंडियन वेटरन ऑर्गेनाइजेशन (पूर्व सैनिक संगठन), झाँसी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। पूर्व सैनिकों ने घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा में दिन-रात तैनात रहने वाले सैनिकों का सम्मान सर्वोपरि है। यदि किसी भी जवान के साथ अपमानजनक व्यवहार होता है तो वह केवल एक सैनिक का नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र का अपमान है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में सामने आई घटना बेहद निंदनीय है और इससे सशस्त्र बलों का मनोबल प्रभावित होता है। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने केंद्र सरकार एवं जम्मू-कश्मीर प्रशासन से मांग की कि कथित घटना में शामिल दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध तत्काल कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं तथा सेना और अर्धसैनिक बलों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए। पूर्व सैनिकों ने कहा कि देश की सुरक्षा में लगे जवानों का सम्मान हर परिस्थिति में सुरक्षित रहना चाहिए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो पूर्व सैनिक देशभर में लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराने के लिए बाध्य होंगे।







