सपा नेताओं ने भाजपा सरकार पर जनविरोधी नीतियों का लगाया आरोप
JAUNPUR NEWS: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर शुक्रवार को जौनपुर में समाजवादी पार्टी द्वारा विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य के नेतृत्व में समाजवादियों ने अंबेडकर पार्क से कलेक्ट्रेट तक मार्च निकालकर बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, बिगड़ती कानून व्यवस्था, पीडीए आरक्षण घोटाला, पेपर लीक, फर्जी एनकाउंटर, भ्रष्टाचार, अघोषित विद्युत कटौती तथा जनहित से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। बाद में राष्ट्रपति महोदया को संबोधित आठ सूत्रीय मांगपत्र प्रशासन को सौंपा गया। धरने को संबोधित करते हुए मछलीशहर विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार आज प्रदेश और देश में विकास नहीं, बल्कि डबल भ्रष्टाचार की पहचान बन चुकी है। शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। नीट परीक्षा का पेपर लगातार चौथी बार लीक होना करोड़ों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। सरकार युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है और उनकी मेहनत पर पानी फेरने का काम कर रही है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। फर्जी एनकाउंटरों के माध्यम से न्याय व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है। पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) समाज पर लगातार शोषण और अत्याचार बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से त्रस्त है। युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है। सरकार रोजगार देने और शिक्षा व्यवस्था सुधारने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। मुंगराबादशाहपुर विधायक पंकज पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों, नौजवानों और पिछड़े वर्गों की समस्याओं की अनदेखी कर रही है। प्रदेश में विकास के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। विधायक लकी यादव ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है। आम आदमी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और गरीबों की समस्याओं पर सरकार का कोई ध्यान नहीं है। समाजवादी पार्टी जनता के हक की लड़ाई लड़ती रहेगी। वरिष्ठ सपा नेता डॉ. सूर्यभान यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों ने समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को सबसे अधिक प्रभावित किया है। महंगाई और भ्रष्टाचार ने आम लोगों का जीवन कठिन बना दिया है।
पूर्व ऊर्जा मंत्री शैलेंद्र यादव ‘ललई’ ने कहा कि फर्जी एनकाउंटर अब सरकारी संरक्षण में पीडीए समाज की हत्या का एक हथियार बन गया है, जो संविधान की मूल भावना के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन को समय रहते इस स्थिति को समझना चाहिए, अन्यथा इसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं। जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार जनसमस्याओं की जननी बन चुकी है। पीडीए समाज के युवाओं के अधिकारों पर लगातार हमला किया जा रहा है। धरना-प्रदर्शन के उपरांत सपा प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर सिटी मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित आठ सूत्रीय मांगपत्र सौंपा तथा जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। धरने को राष्ट्रीय प्रवक्ता अमीक जामेई, पूर्व विधायक लालबहादुर यादव, राजनारायण बिंद, मोहम्मद अरशद खान, श्रद्धा यादव, पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री संगीता यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. अवद्यनाथ पाल, राजबहादुर यादव, राजनाथ यादव ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव आरिफ हबीब ने किया। मौके पर पूर्व मंत्री श्रीराम यादव, चौधरी लालता निषाद, सैय्यद आरिफ, हिसामुद्दीन शाह, डॉ शबनम नाज़, राधिका यादव, सोनी सेठ, सोनी यादव, दिलीप प्रजापति सहित अन्य लोग मौजूद रहे।







