Home उत्तर प्रदेश छात्रों, युवाओं और कामगारों की आवाज को मजबूत करेगा प्रयागराज का कार्यक्रम:...

छात्रों, युवाओं और कामगारों की आवाज को मजबूत करेगा प्रयागराज का कार्यक्रम: मिस्बाहुल हक

FATEHPUR NEWS: अखिल भारतीय असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस के प्रदेश कोऑर्डिनेटर मिस्बाहुल हक ने कहा कि “बिखरती आवाज न्याय नहीं दिला सकती, संगठित आवाज बदलाव की ताकत बनती है।” उन्होंने जननायक राहुल गांधी के प्रयागराज आगमन पर आयोजित होने वाले “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम में युवाओं से बड़ी संख्या में भागीदारी की अपील की। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मोबाइल नंबर 08044186998 पर मिस्ड कॉल कर पंजीकरण कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि लाखों छात्रों, युवाओं और मेहनतकश परिवारों के सपनों और संघर्षों की आवाज को सामने रखने का मंच है। मिस्बाहुल हक ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, वर्षों से लंबित भर्तियां और शिक्षक भर्ती में देरी जैसी समस्याओं से युवा परेशान हैं। उन्होंने कहा कि इन युवाओं के परिवारों का बड़ा हिस्सा असंगठित श्रमिक वर्ग से जुड़ा है, जिन्हें रोजगार की अनिश्चितता, कम आय, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, बीमा और अन्य सुविधाओं के अभाव जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बड़ी संख्या में परिवार दिहाड़ी और अस्थायी रोजगार पर निर्भर हैं। ऐसे परिवार अपने बच्चों की शिक्षा और भविष्य के लिए कर्ज लेते हैं, लेकिन जब भर्तियां रुकती हैं या परीक्षाओं में अनियमितताएं सामने आती हैं तो युवाओं और अभिभावकों का भरोसा प्रभावित होता है। उन्होंने सामाजिक समानता और समान अवसर के मुद्दे पर कहा कि संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों और सामाजिक न्याय की भावना को समझना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार और अवसरों में समानता के लिए छात्रों, युवाओं, श्रमिकों, किसानों और छोटे व्यापारियों को एकजुट होकर अपनी आवाज उठानी होगी। मिस्बाहुल हक ने कहा कि छात्रों की गूंज कार्यक्रम में युवा संविधान के प्रति विश्वास, सामाजिक न्याय का संकल्प और बेहतर भविष्य के सपने के साथ शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह भीड़ नहीं बल्कि शिक्षा, रोजगार, सम्मान और मेहनतकश लोगों के अधिकारों की उम्मीद की आवाज होगी।