PRATAPGARH NEWS: कोतवाली पुलिस ने चोरी की विभिन्न घटनाओं का खुलासा करने में कामयाबी हासिल की है। मामले में दो बदमाशों की गिरफ्तारी के साथ ही चोरी के सामानों की बरामदगी की गयी है। पुलिस ने गिरफ्तार किये गये बदमाशों को शुक्रवार को जेल भेज दिया। लालगंज कोतवाली के दरोगा मिथलेश चौरसिया बीती गुरूवार की रात पुलिस बल के साथ गश्त पर निकले थे। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर खानापटटी के तकिया निवासी मो0 सददीक पुत्र मो0 बशीर एवं मो0 कैफ पुत्र मो0 बशीर को सराय जगत सिंह प्राथमिक विद्यालय के पास से धर दबोचा। पुलिस ने बदमाशों की निशानदेही पर चोरी का एक जनरेटर, सबमर्सिबल मोटर, चोरी के जेवरात विक्रय के बाद प्राप्त नकदी तथा घटना में प्रयुक्त मैजिक डाला की बरामदगी की है। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार ने बताया कि पूछतांछ के दौरान बदमाशो के एक साथी दाउद उर्फ अरबाज निवासी महिमापुर का नाम भी प्रकाश मे आया है। शीघ्र ही उसकी भी गिरफ्तारी की जाएगी। पकड़े गये दोनों आरोपियो को जेल भेज दिया गया है।



