सिद्धेश्वर मंदिर में दुर्गा उत्सव महासमिति की बैठक, जल संरक्षण का भी दिया जाएगा संदेश
JHANSI NEW: गंगा दशहरा महापर्व के अवसर पर दुर्गा उत्सव महासमिति के तत्वावधान में मां गंगा की भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन मंगलवार सायं 6:30 बजे नंदनपुरा स्थित पहूज नदी के अनसुईया घाट पर शंखनाद, घंटे-घड़ियालों और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच संपन्न होगा। श्रद्धालु दीप प्रज्ज्वलित कर मां गंगा की आराधना करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सिद्धेश्वर मंदिर में दुर्गा उत्सव महासमिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संयोजक पीयूष रावत ने बताया कि महाआरती में झांसी के विद्वान पंडित, धर्मगुरु एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। घाट पर कलाकारों द्वारा भजन प्रस्तुत किए जाएंगे तथा मां गंगा की वंदना की जाएगी। उन्होंने कहा कि गंगा दशहरा के दिन मां गंगा की पूजा-अर्चना करने से भक्तों की समस्त मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। साथ ही उन्होंने पहूज नदी की महत्ता बताते हुए कहा कि जल ही जीवन का आधार है और नदियों को हमारी संस्कृति में पूजनीय माना गया है। कार्यक्रम के माध्यम से जल संरक्षण एवं नदियों को स्वच्छ रखने का संदेश भी दिया जाएगा। बैठक में महानगर धर्माचार्य हरिओम पाठक, दुर्गा उत्सव महासमिति के अध्यक्ष पुरुषोत्तम स्वामी, महामंत्री विनोद अवस्थी, संयोजक पीयूष रावत, मुकेश अग्रवाल, आलोक सांडिल, जयदीप खरे, महेश अग्रवाल सराफा, आर.एन. उपाध्याय, एम.पी. द्विवेदी, आचार्य राजीव पाठक, राजीव तिवारी, प्रभात शर्मा, सत्येंद्र पुरी गोस्वामी, पवन गुप्ता, विकास अवस्थी, अतुल मिश्रा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।







