Home Blog गंगा का जल स्तर बढ़ने से कई गांव में जलभराव की स्थिति

गंगा का जल स्तर बढ़ने से कई गांव में जलभराव की स्थिति

FATEHPUR NEWS: जनपद के मलवा विकास खंड में गंगा और पांडु नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। अभयपुर ग्राम सभा के गंगा कटरी क्षेत्र में स्थिति चिंताजनक है। बाढ़ से बिंदकी फॉर्म, जाड़े का पुरवा, संदनहा, बड़ा खेड़ा, मल्हूखेड़ा, नया खेड़ा, बंबुरीखेडा, दरियापुर कटरी, मदारपुर और अवशेरीखेडा़ गांव प्रभावित हुए हैं। इन गांवों के मार्गों में जल भराव से आवागमन बाधित हो रहा है। स्कूली बच्चों को विद्यालय जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
जाड़े का पुरवा के निवासियों के अनुसार, नलों में दूषित जल आ रहा है। अवशेरी खेड़ा गांव के पास हाई टेंशन लाइन का विद्युत पोल टूटने से बिजली आपूर्ति बंद है। इससे कई गांव अंधेरे में हैं। मवेशियों के लिए हरे चारे का संकट है और फसलें पूरी तरह डूब चुकी हैं। मदारपुर गांव में पानी घुसने से मवेशियों के लिए सूखा स्थान नहीं बचा है। जंगली जीवों का खतरा भी बना हुआ है। बिंदकी तहसीलदार अचलेश सिंह के अनुसार, देवमई विकास खंड के खागल बाबा बाढ़ राहत शिविर में रामघाट बेरी नारी से 65 परिवारों को शरण दी गई है। उनके भोजन की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन की ओर से तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी कर रहे हैं।