Home उत्तर प्रदेश खेल मैदान की जमीन पर अवैध निर्माण की शिकायत, कार्रवाई की मांग

खेल मैदान की जमीन पर अवैध निर्माण की शिकायत, कार्रवाई की मांग

FATEHPUR NEWS: जनपद के खागा तहसील क्षेत्र के ग्राम सुल्तानपुर घोष निवासी ठाकुर प्रसाद पुत्र भुलई, राजेन्द्र पुत्र रामदास, किशन पुत्र शिवराम ने उप जिलाधिकारी खागा को प्रार्थना पत्र देकर गांव के खेल मैदान की भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण की शिकायत की है। दिए गए सामूहिक शिकायती पत्र के अनुसार गाटा संख्या 827 ख (रकबा 0.1400 हेक्टेयर), जोकि खेल का मैदान के रूप में राजस्व अभिलेखों में दर्ज भूमि है, पर गांव के ही श्रीनाथ पुत्र भुलई द्वारा अवैध रूप से नींव खोदकर मकान का निर्माण कराया जा रहा है। इससे गांव के बच्चों के खेलकूद के लिए निर्धारित भूमि प्रभावित हो रही है। प्रार्थी ने आरोप लगाया कि उक्त भूमि सार्वजनिक उपयोग एवं विशेषकर खेल कूद मैदान की है, जिस पर किसी भी प्रकार का निजी निर्माण नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल अवैध निर्माण कार्य को रुकवाया जाए तथा राजस्व विभाग की टीम द्वारा मौके पर जांच कराकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। इस संबंध में उप जिलाधिकारी से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा की गई है। इतना ही नहीं शिकायतकर्ताओं ने दबे मुंह बताया कि इस मामले में ग्राम प्रधान द्वारा 5 – 7 लोगों से पैसा लेकर उक्त जमीन को दिया गया है जिस पर आज एक व्यक्ति निर्माण कर रहा है और समय रहते प्रशासन सक्रिय नहीं हुआ तो इसी जमीन पर शेष अन्य लोग भी अवैध निर्माण करते हुए कब्जा कर लेंगे।