छोटे व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं, भ्रष्ट व्यापारियों के साथ संगठन नहीं
PRAYAGRAJ NEWS: खाद्य रसद विभाग द्वारा व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर की जा रही छापेमारी को लेकर प्रयागराज व्यापार मंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन मनीष कुमार गुप्ता ने की तथा बैठक को संबोधित जिलाध्यक्ष सुशांत कुमार केसरवानी ने किया।जिलाध्यक्ष सुशांत कुमार केसरवानी ने कहा कि ईमानदारी से अपना व्यापार करने वाले छोटे एवं मध्यम व्यापारियों का किसी भी कीमत पर अनावश्यक उत्पीड़न नहीं होना चाहिए। जांच के नाम पर व्यापारियों को भयभीत अथवा परेशान करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यापारी से कोई नियमों की कमी या गलती होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए, लेकिन अनावश्यक दबाव या उत्पीड़न स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रयागराज व्यापार मंडल भ्रष्टाचार करने वाले अथवा नियमों का जानबूझकर उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यापारी के साथ नहीं है। संगठन की लड़ाई ईमानदार व्यापारियों के सम्मान, अधिकार और सुरक्षा के लिए है।
चेयरमैन मनीष कुमार गुप्ता ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को लेकर संगठन संबंधित विभाग के अधिकारियों से वार्ता करेगा। यदि किसी निर्दोष व्यापारी का अनावश्यक उत्पीड़न होता है तो व्यापार मंडल लोकतांत्रिक तरीके से उसका विरोध करेगा। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों और व्यापारियों के बीच संवाद एवं पारदर्शिता के माध्यम से समस्याओं का समाधान होना चाहिए। बैठक में व्यापारियों ने कहा कि छोटे व्यापारी सीमित संसाधनों में अपना कारोबार करते हैं। ऐसे में जांच और कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए नियमों के अनुरूप निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए। बैठक में प्रमुख रूप से चेयरमैन मनीष कुमार गुप्ता, जिलाध्यक्ष सुशांत कुमार केसरवानी, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष बनारसी साहू, युवा जिलाध्यक्ष प्रियंक कुमार गुप्ता, नगर उपाध्यक्ष धीरज केसरवानी, महिला जिलाध्यक्ष जूही श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष मुदित खत्री, जिला महामंत्री प्रशांत पांडे, सुशील जायसवाल, अखिलेश केसरवानी, महिला नगर अध्यक्ष सुनीता चोपड़ा, जिला प्रभारी शिखा खन्ना, नगर वरिष्ठ महामंत्री विजय केसरवानी, जिला महामंत्री रश्मि जायसवाल एवं मंजू सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के अंत में व्यापार मंडल ने स्पष्ट संदेश दिया कि “ईमानदार छोटे व्यापारी का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, लेकिन भ्रष्टाचार करने वाले किसी भी व्यापारी का संगठन समर्थन नहीं करेगा।”







