भीषण गर्मी और धान रोपाई संकट का उठाया मुद्दा,सांसद ने जल्द सुधार का दिया भरोसा
PRATAPGARH NEWS: क्षेत्र में लगातार चरमराई विद्युत व्यवस्था, अघोषित कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर इंडियन प्रेस काउंसिल के जिलाध्यक्ष लोकेश मिश्र ने सांसद कौशाम्बी पुष्पेंद्र सरोज से दूरभाष पर वार्ता कर आम जनता और किसानों की गंभीर समस्याओं से अवगत कराया। लोकेश मिश्र ने सांसद से कहा कि भीषण गर्मी के बीच घंटों बिजली गायब रहने से आम लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सबसे अधिक परेशानी किसानों को उठानी पड़ रही है। धान की रोपाई का समय होने के बावजूद पर्याप्त बिजली न मिलने से सिंचाई प्रभावित हो रही है, जिससे किसानों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली गुल होने से पेयजल व्यवस्था,छोटे कारोबार और दैनिक जीवन पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। जिलाध्यक्ष ने सांसद कौशाम्बी से मांग की कि विद्युत विभाग के अधिकारियों को तत्काल निर्देशित कर आपूर्ति व्यवस्था में सुधार कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और किसानों की फसल प्रभावित न हो। सांसद कौशाम्बी ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए भरोसा दिलाया कि वह संबंधित उच्चाधिकारियों से तत्काल वार्ता करेंगे तथा क्षेत्र में निर्बाध और सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस वार्ता के बाद शायद क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में सुधार हो और लंबे समय से चली आ रही समस्या से लोगों को राहत मिल सके।







