Home उत्तर प्रदेश कौशांबी वॉरियर्स की शानदार जीत, परफेक्ट प्रतापगढ़ को 54 रन से हराया

कौशांबी वॉरियर्स की शानदार जीत, परफेक्ट प्रतापगढ़ को 54 रन से हराया

KAUSHAMBI NEWS: गुरुवार को इमली गांव के विद्या भारती स्कूल के मैदान में खेले गए रोमांचक मुकाबले में कौशांबी वॉरियर्स ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए परफेक्ट प्रतापगढ़ को 54 रनों से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने 15.5 ओवर में 149 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के कप्तान दिव्य ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंदों में 69 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 10 चौके और 4 छक्के शामिल रहे, जिससे टीम को मजबूत स्थिति मिली। उनके अलावा अनुज वर्मा (17 रन), अवनीश (12 रन), पवन (12 रन), कृष्णा (11 रन), राजेश (7 रन), बंजर (6 रन), मनोज (2 रन) और अविजित ने भी उपयोगी योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी परफेक्ट प्रतापगढ़ की टीम शुरुआत से ही दबाव में रही और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। पूरी टीम 11.2 ओवर में 95 रन पर सिमट गई। गेंदबाजी में कौशाम्बी वॉरियर्स का दबदबा साफ नजर आया। अवधेश कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। आलोक ने 2 विकेट लिए, जबकि कप्तान दिव्य ने 1 विकेट हासिल किया। वहीं कृष्णा की चुस्त फील्डिंग के चलते 2 रन आउट हुए और राजेश ने भी एक बल्लेबाज को रन आउट कर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। फील्डिंग में भी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। पवन ने शानदार कैच लपका, जबकि विकेटकीपर राकेश बत्रा ने बेहतरीन कैच लेकर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। मैच में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए कप्तान दिव्य को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। इस जीत के साथ कौशाम्बी वॉरियर्स ने टीम वर्क और खेल कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन किया। टीम की इस शानदार जीत पर खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।