Home उत्तर प्रदेश कोटेदार की मनमानी से ग्रामीण परेशान, प्रदर्शन कर न्याय की गुहार लगाई

कोटेदार की मनमानी से ग्रामीण परेशान, प्रदर्शन कर न्याय की गुहार लगाई

SIDHARTHNAGAR NEWS: तहसील शोहरतगढ़ के बढ़नी विकास क्षेत्र की ग्राम पंचायत लोहटी में कोटेदार की मनमानी और घटतौली से परेशान ग्रामीणों ने रविवार को पंचायत भवन के सामने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से न्याय की गुहार लगाई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोहटी और बनचौरा के पीड़ित ग्रामीणों ने कुछ दिन पहले गांव के कोटेदार रामप्रताप चौधरी पर सरकारी राशन वितरण में धांधली और भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़, जिला आपूर्ति अधिकारी, जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर और मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजा था। इस पर एसडीएम ने शिकायतकर्ता बिंदु, सोनमती, सेठाकुमारी, घिराऊ, कुसुम, कमलावती, जहरुन, भागी, जैसराम, किशुन द्वारा दिए गए शिकायत पत्र को गंभीरता से लेते हुए एक जांच कमेटी गठित कर टीम को गांव में जाकर जांच करने का निर्देश दिया था। जांच टीम गांव में जाकर पीड़ित ग्रामीणों के बयान दर्ज कर वापस भी आ गई है। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि जांच टीम बयान लेकर तो चली गई, लेकिन कोटेदार पर क्या कार्रवाई होगी, इसका कोई संकेत उन्हें अभी तक नहीं मिला है। इसी से क्षुब्ध होकर ग्रामीणों ने सोमवार को गांव के पंचायत भवन पर विरोध प्रदर्शन करते हुए कोटेदार रामप्रताप चौधरी के खिलाफ राशन वितरण में धांधली और भ्रष्टाचार के आरोप में जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में सप्लाई इंस्पेक्टर बढ़नी राम प्रताप सिंह ने बताया कि गांव में जाकर लोगों का बयान लिया गया है और जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।