PRATAPGARH NEWS: किशोरी को झांसा देकर अपहृत किये जाने को लेकर आरोपियों द्वारा पीड़िता के घर पहुंचकर असलहे की नोंक पर गालीगलौज तथा जानलेवा धमकी को लेकर केस दर्ज किया गया है। सांगीपुर थाना के सगरा का पुरवा भोजपुर निवासिनी प्रभावती सिंह पत्नी महेन्द्र ने दी गई तहरीर में कहा है कि उसकी नाबालिग बेटी को कोतवाली देहात के नंदू का पुरवा निवासी आरोपी अभिषेक सिंह पुत्र राजेश सिंह द्वारा बीती तेईस अप्रैल को झांसा देकर अपहृत कर लिया गया था। तहरीर में कहा गया है कि आरोपी द्वारा उसकी बेटी को अपहृत करने के साथ गहनें व नकदी भी ले जाया गया। कुछ दिन बाद आरोपी तथा उसके परिवार के सदस्यों द्वारा द्वारा उसकी बेटी को प्रताड़ित किया जाने लगा। किशोरी किसी तरह आरोपी के चंगुल से बचकर घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताया। बीती उन्तीस जून की रात करीब ग्यारह बजे आरोपी अभिषेक सिंह अपने साथ सूरज सिंह, अमितेश, विशाल सिंह को लेकर उसके घर आ धमका। आरोपियो ने अवैध असलहे से भय का माहौल बनाते हुए पीड़िता के घर की घेराबंदी करते हुए जानलेवा धमकी दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी अभिषेक समेत चार नामजद व अभिषेक के परिवार के सदस्यों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।







