Home उत्तर प्रदेश कालाकांकर सीएचसी का निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा एवं कर्मचारियों के साथ...

कालाकांकर सीएचसी का निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा एवं कर्मचारियों के साथ बैठक

PRATAPGARH NEWS: जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कुंडा विधायक राजा भइया के प्रतिनिधि हरिओम श्रीवास्तव ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कालाकांकर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई, दवा वितरण व्यवस्था तथा मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का अवलोकन करते हुए अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। साथ ही मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरांत हरिओम श्रीवास्तव ने एएनएम एवं आशा बहुओं के साथ बैठक कर ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों, टीकाकरण अभियान तथा विभिन्न जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने आशा बहुओं से कहा कि सरकार की सभी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान करते हुए कहा कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इस अवसर पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजीव द्विवेदी, डॉ. मनोज कुमार, ब्लॉक प्रमुख रमेश सरोज, इन्द्रदेव पटेल, अनीश यादव, भीम यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं आशा बहुएं उपस्थित रही।