Home उत्तर प्रदेश एससी आरक्षण की मांग को लेकर निषाद पार्टी का शक्ति प्रदर्शन, राज्यमंत्री...

एससी आरक्षण की मांग को लेकर निषाद पार्टी का शक्ति प्रदर्शन, राज्यमंत्री कृष्णा पासवान को सौंपा ज्ञापन

FATEHPUR NEWS: अनुसूचित जाति (एससी) आरक्षण की मांग को लेकर निषाद पार्टी ने सोमवार को जिले में शक्ति प्रदर्शन किया। पार्टी के जिलाध्यक्ष लोकनाथ निषाद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री एवं खागा विधायक कृष्णा पासवान के आवास पहुंचे, जहां धरना-प्रदर्शन कर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मांग उठाई कि वर्तमान में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) में शामिल मछुआ एवं निषाद समाज को ओबीसी सूची से हटाकर अनुसूचित जाति (एससी) में शामिल किया जाए तथा उन्हें एससी प्रमाण पत्र जारी किए जाएं। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी भी की। जिलाध्यक्ष लोकनाथ निषाद ने कहा कि यह अभियान निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद के निर्देश पर पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में निषाद समाज के लोग एकजुट होकर अपने संवैधानिक अधिकारों की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मछुआ एवं निषाद समाज लंबे समय से सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक रूप से पिछड़ा रहा है। ऐसे में इस समाज को अनुसूचित जाति का दर्जा देकर आरक्षण सहित अन्य संवैधानिक सुविधाओं का लाभ मिलना चाहिए। उनका कहना था कि समाज के उत्थान और समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए यह मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। लोकनाथ निषाद ने राज्य मंत्री कृष्णा पासवान से आग्रह किया कि वह इस मांग को प्रदेश सरकार और विधानसभा के समक्ष मजबूती से रखें, ताकि निषाद, मछुआ और संबंधित समाजों को अनुसूचित जाति का दर्जा दिलाने की दिशा में सकारात्मक पहल हो सके। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन समाज के सम्मान, अधिकार और सामाजिक न्याय की लड़ाई है तथा जब तक मांग पूरी नहीं होगी, निषाद पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन जारी रखेगी। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में निषाद पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।