JAUNPUR NEWS: मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र की सांसद प्रिया सरोज की कथित फर्जी और मॉर्फ्ड तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला अब पुलिस जांच के दायरे में आ गया है। सांसद की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना वाराणसी में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सांसद ने आरोप लगाया है कि कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए एआई तकनीक से तैयार की गई एडिटेड तस्वीरें और भ्रामक पोस्ट प्रसारित कर उनकी राजनीतिक एवं सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने की साजिश रची गई। शिकायत में अमोद सिंह और विशाल सिंह नामक व्यक्तियों के फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट्स का उल्लेख किया गया है। प्रिया सरोज ने अपने शिकायती पत्र में कहा कि यह केवल व्यक्तिगत मानहानि का मामला नहीं, बल्कि एक निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधि की गरिमा पर हमला है। उन्होंने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। साथ ही शिकायत में दिए गए स्क्रीनशॉट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर संबंधित अकाउंट्स की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। सांसद ने कहा कि सोशल मीडिया अभिव्यक्ति का माध्यम है, किसी की प्रतिष्ठा धूमिल करने का नहीं। एआई तकनीक का दुरुपयोग कर फर्जी तस्वीरें बनाना गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जरूरी है। इस घटना के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। साइबर विशेषज्ञों का मानना है कि एआई के बढ़ते उपयोग के साथ इस तरह के साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण अब समय की बड़ी जरूरत बन गया है।







