Home उत्तर प्रदेश उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का भव्य स्वागत, महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा भेंट...

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का भव्य स्वागत, महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा भेंट कर किया सम्मान

‘माँ भगवती निवास’ पर आत्मीय स्वागत, पर्यावरण संरक्षण और पौधों की देखभाल का दिया संदेश
JHANSI NEWS: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का रविवार को झांसी आगमन पर मनु विहार कॉलोनी स्थित ‘माँ भगवती निवास’ में गरिमामय एवं आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर भाजपा कानपुर-बुन्देलखण्ड क्षेत्रीय सहसंयोजक (व्यापार प्रकोष्ठ) मनमोहन गेड़ा एवं अलका गेड़ा ने पारंपरिक रीति से तिलक लगाकर, कमल पुष्पों की माला पहनाकर, शॉल, श्रीफल एवं गदा भेंट कर उनका सम्मान किया। साथ ही बुन्देलखण्ड की शौर्य परंपरा की प्रतीक वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट कर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल सरकार का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अधिकाधिक पौधारोपण करने के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया और सुरक्षित रखा गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वायु, हरियाली और स्वस्थ जीवन का अमूल्य उपहार देगा। धरती को हरा-भरा बनाने के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है और वृक्षारोपण को जनआंदोलन का स्वरूप देना समय की मांग है। कार्यक्रम में झांसी के महापौर बिहारी लाल आर्य, विधायक रवि शर्मा, विधायक राजीव सिंह पारीछा, एमएलसी रामतीर्थ सिंघल, एमएलसी प्रतिनिधि रमा आरपी निरंजन, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री जमुना प्रसाद कुशवाहा, किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री रामनरेश तिवारी, झांसी प्रभारी संतविलास शिवहरे, भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष हेमंत परिहार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, व्यापारी, चिकित्सक, अधिवक्ता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर राकेश गेड़ा एवं संजय गेड़ा ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित नागरिकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। आत्मीय स्वागत, बुन्देलखण्ड के गौरव और पर्यावरण संरक्षण के संदेश से ओत-प्रोत यह आयोजन उपस्थित लोगों के लिए यादगार बन गया।