JHANSI NEWS: मुख्यमंत्री जनसुनवाई समन्वय शिकायत निवारण प्रणाली पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण में झांसी परिक्षेत्र ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश के सभी पुलिस परिक्षेत्रों में लगातार छठी बार प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जून 2026 की शासन स्तर पर जारी मासिक मूल्यांकन रिपोर्ट में झांसी रेंज ने यह उपलब्धि हासिल की। पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि के निर्देशन में जून माह के दौरान आईजीआरएस एवं समाधान पोर्टल पर प्राप्त सभी शिकायतों का शासन की मंशा के अनुरूप निर्धारित समय सीमा में विधिक एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया गया। इसके परिणामस्वरूप झांसी रेंज ने प्रदेश में प्रथम स्थान बरकरार रखा। वहीं रेंज के अंतर्गत आने वाले जनपद झांसी एवं जालौन ने लगातार छठी बार तथा जनपद ललितपुर ने भी जून माह में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उल्लेखनीय सफलता पर पुलिस महानिरीक्षक ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए प्रभारी आईजीआरएस /सीसीटीएनएस उपनिरीक्षक राजेश सिंह, रेंज कोऑर्डिनेटर विमल कुमार श्रीवास्तव, मुख्य आरक्षी देवेन्द्र प्रताप सिंह तथा कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए प्रियंका गुप्ता को उत्कृष्ट कार्य के लिए नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। आईजी आकाश कुलहरि ने रेंज के सभी जनपद प्रभारियों को निर्देश दिए कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के दौरान शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए शासन की मंशा के अनुरूप विधिक कार्रवाई की जाए, ताकि आमजन का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत हो तथा शिकायतों में लगातार कमी आए।







