Home उत्तर प्रदेश अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, तीन शातिर आरोपी गिरफ्तार

अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, तीन शातिर आरोपी गिरफ्तार

ट्रक ड्राइवरों को झांसा देकर करते थे माल की ठगी

पुलिस ने नकदी, मोबाइल, फर्जी दस्तावेज समेत कई सामान किए बरामद
FATEHPUR NEWS: जनपद की बिंदकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धोखाधड़ी एवं संगठित अपराध में संलिप्त एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, चेकबुक समेत अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 31 मार्च 2025 को वादी निलेश शंकर गुप्ता ने थाना बिंदकी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका ट्रक झारखंड के लातेहार से बिहार के बक्सर के लिए लोहे के टुकड़े लेकर जा रहा था। रास्ते में आरोपियों ने चालक से संपर्क कर माल को कम कीमत में बेचने का झांसा दिया और ट्रक को रास्ते में ही रुकवा लिया। इसके बाद चालक का मोबाइल बंद कर माल गायब कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 15 अप्रैल को बिंदकी पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेंद्र कुमार, इंद्रदेव कुमार उर्फ गणेश कुमार और रामानुज कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के अलग-अलग जिलों के निवासी हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे संगठित गिरोह बनाकर ट्रक ड्राइवरों को फोन के माध्यम से फंसाते थे। फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर ड्राइवरों से संपर्क किया जाता और उन्हें सस्ते दाम में माल बेचने का लालच दिया जाता था। इसके बाद माल को रास्ते में ही उतरवाकर ठिकाने लगा दिया जाता था। गिरोह आर्थिक रूप से कमजोर ट्रक चालकों को निशाना बनाता था। फोन कॉल के जरिए सौदा तय कर फर्जी पहचान के आधार पर माल को कम कीमत में खरीदने का झांसा देते थे। बाद में माल को बीच रास्ते में उतरवाकर बेच दिया जाता था और वाहन नंबर व सिम कार्ड बदल दिए जाते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹80,500 नकद, 6 मोबाइल फोन, 9 आधार कार्ड, 6 पैन कार्ड, 3 एटीएम कार्ड, 4 चेकबुक, 1 फर्जी टैग, 2 पासबुक, 1 बिल्टी और 8 पॉकेट डायरी सहित घटना में प्रयुक्त ट्रक बरामद किया है। जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी राजेंद्र कुमार के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें धोखाधड़ी और अन्य संगीन धाराएं भी शामिल हैं। इस सफल कार्रवाई में थाना बिंदकी के उप निरीक्षक रवि सिंह, उप निरीक्षक नीरज मौर्या, आरक्षी बिरजू यादव, अखंड प्रताप सिंह, अरविंद सिंह एवं अजीत सिंह पुलिस टीम के सदस्यों की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय ठग गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस अन्य संभावित सदस्यों की तलाश में जुटी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।