JAUNPUR NEWS: भीषण गर्मी और हीट वेव के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के जौनपुर डिपो ने यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की है। शासन के निर्देश पर डिपो से संचालित सभी बसों में फर्स्ट एड बॉक्स तथा ओआरएस घोल उपलब्ध कराया गया है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ममता चैबे ने बताया कि गर्मी के मौसम में यात्रियों को यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई है। बसों पर तैनात परिचालकों को भी प्राथमिक उपचार किट उपलब्ध कराई गई है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर यात्रियों को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया जा सके।उन्होंने बताया कि हीट वेव की स्थिति को देखते हुए यात्रियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में बसों में ओआरएस की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, जिससे गर्मी के कारण होने वाली डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से राहत मिल सके। परिवहन निगम का कहना है कि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाते रहेंगे। गर्मी के इस दौर में रोडवेज की यह पहल यात्रियों के लिए राहत भरी साबित हो सकती है।







