सुसुआड़ नदी उफान पर, बाजार बना तालाब, रास्ते बंद
MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) हलिया क्षेत्र में पिछले पांच घंटे की लगातार मूसलाधार बारिश ने जन-जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। सुसुआड़ नदी और स्थानीय नाले उफान पर आ गए हैं, जिससे पूरे इलाके में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। हलिया का मुख्य बाजार घुटने भर पानी में डूब गया है और तालाब में तब्दील हो चुका है। दुकानों तथा मकानों में पानी घुस गया है। पीएचसी मार्ग से लेकर एसबीआई परिसर तक पानी ही पानी दिख रहा है। बैंक के अंदर भी पानी घुसने से लेन-देन प्रभावित हुआ है। स्थानीय व्यापारियों विजय सेठ, शंकर मिश्रा समेत कई दुकानदारों को भारी नुकसान हुआ है। हलिया पीएचसी अस्पताल के बाहर करीब तीन फीट पानी जमा है। मरीजों और एम्बुलेंस के आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। हलिया-ड्रमंडगंज मार्ग तथा डगिया-भटवारी संपर्क मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। रपटे पर पानी आने से कई लोग फंसे हुए हैं। सबसे चिंताजनक तस्वीर बसवरा, भटवारी और डिगिया से आई है, जहां बाढ़ के तेज बहाव वाले गहरे पानी में छोटे-छोटे बच्चे खेलते नजर आए। यह स्थिति बेहद जोखिम भरी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुरानी नाली ध्वस्त हो गई है और नई नाली का निर्माण नहीं हुआ। ग्राम प्रधान ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान पुरानी नाली तोड़ दी गई थी। नालियों की सफाई और स्थायी जल निकासी व्यवस्था न होने से हर बारिश में हलिया को यही आफत झेलनी पड़ती है। ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल और जिलाधिकारी से नाली निर्माण की मांग की है। स्थानीय निवासी सत्यम कुमार द्विवेदी ने सभी भाई-बंधुओं से अपील की है कि देवरी से मिर्जापुर के बीच सभी नदियां उफान पर हैं। अतः सभी अपने-अपने घरों में सुरक्षित रहें और किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं।







