राम बहादुर सिंह इंटर कॉलेज में जागरूकता अभियान
FATEHPUR NEWS: सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को राम बहादुर सिंह इंटर कॉलेज, पुरइन में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के हजारों छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया। उत्तर प्रदेश शासन के ‘सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा’ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन तथा एनएचएआई पीआईयू कानपुर के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज यादव के निर्देश पर हुआ। त्रिवेणी संगम हाईवेज के प्रोजेक्ट मैनेजर राकेश भारद्वाज एवं अतुल शर्मा के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को सुरक्षित आवागमन के जरूरी नियमों की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान विद्यार्थियों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात संकेतों का पालन करने और सड़क पार करते समय विशेष सावधानी बरतने के लिए प्रेरित किया गया। सीएसआर एवं सुरक्षा प्रबंधक तथा सड़क सुरक्षा विशेषज्ञ फिरोज खान ने कहा कि छोटी सी लापरवाही जिंदगी भर का दर्द दे सकती है, जबकि थोड़ी सी सावधानी किसी की जिंदगी बचा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से सड़क सुरक्षा के संदेश को अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने की अपील की। अंजुम बानो ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि लोग यातायात नियमों को अपनी आदत बना लें तो सड़क दुर्घटनाओं में काफी कमी लाई जा सकती है। प्रधानाचार्य हंसराज वर्मा ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को बचपन से ही यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना सुरक्षित समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, हाईवे कर्मचारी अंकित सिंह, हिमांशु मौर्य समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।







