FATEHPUR NEWS: हंसवा स्थित प्राचीन श्री शिव मंदिर (शिवाला) के जीर्णोद्धार एवं समग्र विकास के लिए श्री शिव मंदिर ट्रस्ट, हंसवा फतेहपुर का गठन किया गया है। ट्रस्ट का उद्देश्य मंदिर परिसर का विकास कर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है। ट्रस्ट के गठन के तहत संतोष कक्कड़ को मुख्य ट्रस्टी, किशन मेहरोत्रा को उप मुख्य ट्रस्टी तथा राजेंद्र मेहरोत्रा, रूपकमल टंडन, सीमा कक्कड़, नीरज कक्कड़, नीतू कक्कड़, आर्यन कक्कड़, मनोज कुमार सेन केसरवानी एवं प्रदीप कुमार सेन केसरवानी को ट्रस्टी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि मंदिर परिसर के जीर्णोद्धार के साथ-साथ यहां सत्संग भवन, भजन-कीर्तन स्थल तथा मुंडन संस्कार के लिए विशेष स्थान विकसित किया जाएगा। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक आधारभूत व्यवस्थाओं का भी विस्तार किया जाएगा। उप मुख्य ट्रस्टी किशन मेहरोत्रा ने बताया कि सितंबर माह से श्री शिव मंदिर शिवाला को नए स्वरूप में विकसित करने का कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की कृपा से मंदिर परिसर में पेयजल सहित अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की जाएगी, ताकि यहां दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि हंसवा का प्राचीन श्री शिव मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन कर देश, प्रदेश, परिवार और समाज की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हैं। ट्रस्ट का प्रयास रहेगा कि मंदिर को धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाया जाए तथा इसके ऐतिहासिक स्वरूप को संरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाए।







