JHANSI NEWS : झाँसी लोकसभा सांसद अनुराग शर्मा के अथक प्रयासों से हँसारी रोड स्थित बहुप्रतीक्षित रेलवे ओवरब्रिज (ROB) को स्वीकृति मिल गई है। इस ओवरब्रिज के निर्माण से शहर की यातायात व्यवस्था सुगम होगी तथा लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी। सांसद अनुराग शर्मा ने बताया कि बढ़ते यातायात को देखते हुए पुल को चार लेन बनाए जाने के लिए लगातार प्रयास किए गए। इस संबंध में उन्होंने कई बार रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर झाँसीवासियों की मांग प्रमुखता से रखी। उन्होंने बताया कि ओवरब्रिज का निर्माण कार्य भारत सरकार एवं रेल मंत्रालय द्वारा कराया जाएगा तथा पूरा खर्च केंद्र सरकार वहन करेगी। सांसद ने कहा कि झाँसी में सुगम यातायात के लिए कई बड़ी परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, जिनमें झाँसी-ग्वालियर मार्ग, मेडिकल तिराहा एवं नगरा रेलवे यार्ड के पास स्वीकृत ओवरब्रिज शामिल हैं। सांसद अनुराग शर्मा ने इस उपलब्धि पर झाँसीवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास और आधुनिक यातायात व्यवस्था के लिए मील का पत्थर साबित होगी।







