कांग्रेस विधानमण्डल दल की नेता ने गंगा एक्सप्रेसवे को विकास व आध्यात्म के क्षेत्र में बताया रामपुरखास के लिए उपलब्धि
PRATAPGARH NEWS: प्रदेश कांग्रेस विधानमण्डल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर को जबरन लगाए जाने के पावर कारपोरेशन की कार्रवाई को मध्यम वर्ग के उपभोक्ताओं की जेब पर सीधा डांका करार दिया है। उन्होने सवाल उठाया कि जब मीटर बदलने की अंतिम तिथि इक्तीस मार्च 2028 तक बढ़ा दी गयी है तो फिर पावर कारपोरेशन के द्वारा स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर हड़बड़ाहट और जल्दबाजी क्यों है। कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि प्रदेश में करीब पचहत्तर लाख उपभोक्ताओं खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब तथा कमजोर तबके के घरों में जबरिया स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जा रहे हैं। शुक्रवार को रामपुरखास के एक दिवसीय दौरे पर पहुंची विधायक मोना ने लालगंज स्थित कैम्प कार्यालय पर प्रेसवार्ता में सरकार से दो टूक कहा कि वह स्मार्ट प्रीपेड मीटर के नाम पर बेतहाशा और अनियमित विद्युत बिलों पर फौरन रोक लगाए। उन्होने यह भी कहा कि सरकार की ओर से स्मार्ट प्रीपेड मीटर के नाम पर गांव गांव उपभोक्ताओं को परेशान किये जाने की प्रक्रिया पर विराम नही लगा तो कांग्रेस सड़क से सदन तक इस मुददे पर जारी संघर्ष को और मुखर बनाएगी। उन्होने यह भी कहा कि इसके बावजूद सरकारी रवैया नहीं बदला तब 2027 में भाजपा सरकार के सत्ता से हटते ही स्मार्ट प्रीपेड मीटर की व्यवस्था को समाप्त कर दिया जाएगा। उन्होने कहा कि भाजपा सरकार बिजली विभाग को बेंचने के लिए यह व्यवस्था लेकर आयी है। प्रेसवार्ता में सीएलपी नेता आराधना मिश्रा ने हाल ही में गंगा एक्सप्रेसवे की शुरूआत को लेकर इसे विकास तथा आध्यात्मिक क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि कहा। उन्होने कहा कि सांसद प्रमोद तिवारी के प्रयास से गंगा एक्सप्रेसवे को बाबा घुइसरनाथ नगरी व गंगा मईया के संगम का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होने सराय संग्राम सिंह में निकास एवं प्रवेश की एक्सप्रेसवे पर मिली सुविधा को बाबा घुइसरनाथ नगरी के पर्यटन विकास तथा क्षेत्र में औद्यौगिक विकास के ढांचे के लिए दूरगामी उपलब्धि भी करार दिया। उन्होने कहा कि सांगीपुर से बाबा घुइसरनाथ धाम, लालगंज होते हुए संग्रामगढ़ स्टेट हाइवे के चौड़ीकरण की शुरूआत भी एक्सप्रेसवे के जरिए बाबा घुइसरनाथ धाम और मां गंगा के आध्यात्मिक जुड़ाव का सुखद संकेत है। विधायक आराधना मिश्रा मोना ने एक्सप्रेसवे पर सराय संग्राम सिंह के अण्डरपास पर मिली सुविधा के लिए केन्द्रीय भूतल परिवहन एवं सड़क राज मंत्री नितिन गडकरी व प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति उनके प्रस्ताव की मंजूरी को लेकर आभार भी जताया। वहीं कांग्रेस विधानमण्डल दल की नेता मोना ने खाद्य तेल की कीमतों में तेजी से हो रही बढ़ोत्तरी को मंहगाई बढ़ने के लिए चिन्ताजनक ठहराया। विधायक आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक पर भाजपा को चुनावी राजनैतिक सिगूफे की जगह इसे प्रभावी बनाने के लिए असल पहल करनी चाहिए। उन्होने कहा कि कांग्रेस के सदन और सदन के बाहर भरपूर समर्थन के बावजूद भाजपा विधेयक को लेकर भ्रम का माहौल बनाने में कतई सफल नही हो सकती। इसके पहले विधायक आराधना मिश्रा ने कैम्प कार्यालय पर कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठन सृजन अभियान में तेजी पर जोर दिया। यहां जनसमस्याओं की भी सुनवाई करते हुए उन्होने लोगों को समाधान कराए जाने का भरोसा दिलाया। विधायक मोना ने पूरे हृदय, पूरे शंकर, बहादुरपुर, चकिया, हरिहरपुर व भरतपुर में भी लोगों से मुलाकात कर संचालित विकास योजनाओं में सहयोग मांगा। इस मौके पर प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी, आशीष उपाध्याय, अमित सिंह पंकज, संतोष द्विवेदी, ज्ञानप्रकाश शुक्ल, केडी मिश्र, भुवनेश्वर शुक्ल, लालजी यादव, रघुनाथ सरोज, रवीन्द्र मिश्र, मिथिलेश त्रिपाठी, भोला मोदनवाल, देवेश शुक्ला, विनोद कुमार सिंह, बृजेश पटेल, रमेश सिंह, पप्पू तिवारी, सुनील त्रिपाठी, दारा सिंह, आशीष तिवारी, राकेश चतुर्वेदी, मुरलीधर तिवारी, छोटेलाल सरोज, आशीष कौशल, अतुल शुक्ला, अभिनव शुक्ल, त्रिभु तिवारी, सिंटू मिश्र, इं. सुनील पाण्डेय, सुधाकर पाण्डेय, आनन्द पाण्डेय, रूपनाथ पटेल, लालजी पटेल, रोहित शुक्ल, कल्लू पाण्डेय, माता शुक्ला, जितेन्द्र द्विवेदी, शैलेन्द्र मिश्र आदि रहे।







