Home उत्तर प्रदेश सौरभ विश्वकर्मा प्रकरण को लेकर लोक जन सोशलिस्ट पार्टी मुखर

सौरभ विश्वकर्मा प्रकरण को लेकर लोक जन सोशलिस्ट पार्टी मुखर

थाना प्रभारी जेठवारा (प्रतापगढ़) पर कार्रवाई की करी मांग
FATEHPUR NEWS: प्रतापगढ़ के लीलापुर थाना क्षेत्र के मानपुर गांव निवासी मृतक सौरभ विश्वकर्मा के प्रकरण को लेकर लोक जन सोशलिस्ट पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रदीप विश्वकर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में पार्टी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र विश्वकर्मा 16 अगस्त को मृतक सौरभ विश्वकर्मा के परिजनों से मिलने मानपुर गांव पहुंचे थे। इस दौरान वे मृतक की अंतिम यात्रा में शामिल हुए और अर्थी को कंधा देने के लिए भी पहुंचे। पार्टी का आरोप है कि गांव के बाहर जेठवारा थाना प्रभारी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ कथित रूप से अभद्र एवं अपमानजनक व्यवहार किया। आरोप के मुताबिक थाना प्रभारी ने उनके कंधे से गमछा उतार दिया और ऊंची आवाज में सार्वजनिक रूप से बातचीत की। पार्टी पदाधिकारियों ने इस घटनाक्रम को गंभीर बताते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला व्यवहार उचित नहीं है। जिलाध्यक्ष प्रदीप विश्वकर्मा ने कहा कि पुलिस प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ नागरिकों के सम्मान की रक्षा के लिए भी जिम्मेदार है। यदि किसी पुलिस अधिकारी द्वारा ऐसा व्यवहार किया गया है तो मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। ज्ञापन के माध्यम से पार्टी ने जेठवारा थाना प्रभारी की भूमिका की उच्चस्तरीय जांच कराने, जांच के आधार पर उचित कार्रवाई करने तथा मृतक सौरभ विश्वकर्मा के पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। पार्टी नेताओं ने कहा कि मामला केवल पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रशासनिक व्यवस्था में आम नागरिक के सम्मान और पुलिस की जवाबदेही से भी जुड़ा है। उन्होंने शासन से प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र प्रभावी कार्रवाई किए जाने की मांग की।