JHANSI NEWS: बरुआसागर थाना पुलिस ने सस्ते सोने का लालच देकर 10 लाख रुपये की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6 लाख 27 हजार रुपये नकद, एक अवैध तमंचा, कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी कबाड़ व्यापारी दीपक दुबे अपने साथी अजय पोलाया के साथ स्क्रैप का कारोबार करते हैं। कुछ समय पूर्व उनकी पहचान रवि परिहार के माध्यम से टीकमगढ़ निवासी दीपचंद कुशवाहा से हुई। दीपचंद ने अपने पास भारी मात्रा में सोना होने का दावा करते हुए बाजार मूल्य से काफी कम कीमत पर सोना उपलब्ध कराने का लालच दिया। विश्वास दिलाने के लिए उसने सोने का एक असली नमूना भी दिखाया। आरोपी ने सौदा तय होने के बाद 2 जून 2026 को दीपक दुबे को 10 लाख रुपये नकद लेकर बरुआसागर स्थित प्रसिद्ध मंशिल माता मंदिर के पास बुलाया। वहां दीपचंद अपने साथी रामेश्वर सिंह के साथ मौजूद था। आरोपियों ने रुपये लेने के बाद कुछ देर में सोना लाने की बात कही, लेकिन रकम लेकर फरार हो गए। बाद में संपर्क करने पर आरोपियों ने न तो सोना दिया और न ही रुपये लौटाए, बल्कि जान से मारने की धमकी देकर फोन बंद कर दिया। पीड़ित दीपक दुबे ने 9 जून को बरुआसागर थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की, जहां आरोपी दीपचंद कुशवाहा ने भागने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी के पास से 6 लाख 27 हजार रुपये नकद, एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस फरार आरोपी रामेश्वर सिंह की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।







