FATEHPUR NEWS: समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर सोमवार को जिला पार्टी कार्यालय में महान दानवीर, राष्ट्रभक्त एवं कुशल प्रशासक भामाशाह की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके जीवन एवं योगदान पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं सांसद नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि भामाशाह भारतीय इतिहास के ऐसे महान दानवीर थे, जिन्होंने राष्ट्र और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि भामाशाह को दानवीर की उपाधि इसलिए मिली क्योंकि उन्होंने अपनी संपूर्ण संपत्ति महाराणा प्रताप को समर्पित कर दी थी। इसी धन के बल पर महाराणा प्रताप ने अपनी सेना का पुनर्गठन किया और मुगलों के विरुद्ध संघर्ष को नई शक्ति के साथ आगे बढ़ाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि हल्दीघाटी के युद्ध के बाद जब मेवाड़ की स्थिति कमजोर हो गई थी, तब भामाशाह द्वारा दी गई आर्थिक सहायता ने महाराणा प्रताप के संघर्ष को नई मजबूती प्रदान की। उन्होंने कहा कि भामाशाह केवल दानवीर ही नहीं, बल्कि एक कुशल प्रशासक और राष्ट्रभक्त भी थे, जिन्होंने मुगलों के विरुद्ध संघर्ष में सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव हीरा लाल साहू ने किया। उन्होंने भामाशाह के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर दलजीत निषाद, संगीता राज पासी, अरुणेश पांडेय, अंकित यादव, एडवोकेट सुनील उमराव, रत्नेश रत्ना, ज्ञान सिंह, सुरेश यादव, एडवोकेट कपिल यादव, कमलेश पासी, इंद्र नारायण सिंह, सत्यप्रकाश यादव, गोविंदा पासी, अभिमन्यु यादव, विक्रम बहादुर सिंह, लवकुश सिंह पटेल सहित समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उन्होंने भामाशाह के आदर्शों को आत्मसात कर समाज सेवा और जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।







