Home उत्तर प्रदेश सपा नेता मणेंद्र मिश्रा ने मछली मंडी हादसे में जिम्मेदारों पर कार्रवाई...

सपा नेता मणेंद्र मिश्रा ने मछली मंडी हादसे में जिम्मेदारों पर कार्रवाई की उठाई मांग

मृतक परिवार को मुआवजा न मिलने पर जताई नाराजगी, दोषियों को जेल भेजने की चेतावनी
SIDHARTHNAGAR NEWS: शोहरतगढ़ क्षेत्र के मछली मंडी में निर्माणाधीन गेट गिरने से हुए दर्दनाक हादसे को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रिया तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के नेता एवं समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेंद्र मिश्रा ने घटना में मृत मजदूर के परिजनों को शीघ्र मुआवजा देने और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग उठाई है। जारी प्रेस विज्ञप्ति में मिश्रा ने बताया कि बीते 3 जून को मछली मंडी में निर्माणाधीन गेट गिरने से एक मजदूर की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी, जबकि छह अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के तत्काल बाद जिलाधिकारी द्वारा तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई थी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से जारी विज्ञप्ति में ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने तथा मंडी परिषद बस्ती के अवर अभियंता, सहायक अभियंता एवं उप निदेशक (निर्माण) के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति शासन को भेजे जाने की जानकारी दी गई है। इसके बावजूद अब तक न तो मृतक के परिवार को कोई मुआवजा मिला है और न ही मंडी परिषद के किसी जिम्मेदार अधिकारी पर ठोस कार्रवाई की गई है। मिश्रा ने यह भी आरोप लगाया कि दर्ज कराई गई एफआईआर में मंडी परिषद के किसी अधिकारी का नाम शामिल नहीं किया गया है, जो कि गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने तुलसियापुर की इस घटना को भ्रष्टाचार का ज्वलंत उदाहरण बताते हुए कहा कि सिद्धार्थनगर प्रदेश में पंगेशियस क्लस्टर का एकमात्र केंद्र है, जो प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत अधिसूचित है।उन्होंने कहा कि मंडी परिषद, जो प्रदेश सरकार से जुड़ा महत्वपूर्ण विभाग है, उसके जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई न होना प्रशासनिक शिथिलता और जवाबदेही की कमी को दर्शाता है। समाजवादी पार्टी ने स्पष्ट किया है कि मृतक को न्याय दिलाने और दोषियों को सजा दिलाने के लिए आंदोलन किया जाएगा। मिश्रा ने मांग की कि घटना की जिम्मेदारी तत्काल तय कर दोषियों को जेल भेजा जाए।